हिसार के बरवाला आश्रम में कार्रवाई के बाद देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार रामपाल के समर्थक फिर लामबंद हुए और राष्ट्रीय समाज सेवा समिति के बैनर तले प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रदर्शन किया।
समर्थकों ने रामपाल को रिहा कर मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की। साथ ही कहा कि रामपाल पर देशद्रोह का झूठा मुकदमा दर्ज है,जिसे वापस लिया जाए और जेल में बंद रामपाल समर्थकों को भी रिहा किया जाए।
रेवाड़ी में समर्थक रोड-शो करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे और राज्यपाल के नाम का ज्ञापन एसडीएम मुनीष नागपाल को सौंपा। सिरसा में बरवाला में हुई घटना से संबंधित प्रचार सामग्री बांटी गई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
कुरुक्षेत्र में भी लगभग 500 की संख्या में रामपाल समर्थकों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। फतेहाबाद में समर्थकों ने स्लोगन लेकर शांतिप्रिय रोष मार्च निकाला और राज्यपाल के नाम एसडीएम संतलाल पचार को ज्ञापन सौंपा।
पानीपत में मुकदमे वापस न लेने पर धरना प्रदर्शन तेज करने की चेतावनी दी और इसकी जिम्मेदारी प्रशासन व सरकार पर होने की कही। वहीं, कैथल में भी समर्थकों ने शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर तहसीलदार रोहताश बिश्नोई को ज्ञापन सौंपा।
यमुनानगर में करीब सौ समर्थक सड़क पर उतर आए और रामपाल व अन्य शिष्यों को रिहा करने की मांग रखी। इसके अलावा अंबाला, सोनीपत, भिवानी, जींद, करनाल में भी रामपाल समर्थकों ने प्रदर्शन किया।