मौसम में आए बदलाव के कारण रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। लंबी दूरी की ट्रेनें तो रोजाना घंटों लेट पहुंच रही हैं जिससे यात्रियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश और कोहरे के कारण रविवार को भी कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर नहीं पहुंच सकी। ऊंचाहार एक्सप्रेस रविवार को करीब साढ़े सात घंटे लेट रही।
इस ट्रेन को सुबह 9.25 तक चंडीगढ़ स्टेशन पहुंचना होता है लेकिन यह शाम करीब पांच बजे पहुंची। वहीं रविवार के लिए स्पेशल चली डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस भी नौ घंटे से अधिक लेट रही।
ट्रेन को दोपहर 1:10 बजे पर चंडीगढ़ स्टेशन पहुंचना होता है, लेकिन यह रात 10.30 बजे के बाद चंडीगढ़ पहुंच सकी।
ये ट्रेनें पहुंचीं लेट
- कालका मेल 7 घंटे 48 मिनट लेट रही
- अंबाला-नंगल डैम पैसेंजर आधा घंटा लेट पहुंची
- ऊंचाहार एक्सप्रेस 7 घंटे 35 मिनट लेट रही
- शिरडी-कालका एक्सप्रेस 2 घंटे लेट रही
- डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस 9 घंटे लेट रही
- कालका-अंबाला पैसेंजर 1 घंटे 20 मिनट लेट पहुंची
तीन उड़ानें हुईं रद्द
चंडीगढ़ एयरपोर्ट से रविवार को भी तीन उड़ानें रद्द रहीं। ये तीनों उड़ानें जेट एयरवेज की ही थीं जिन्हें कंपनी ने एक दिन पहले ही रद्द करने की सूचना दे दी थी।
शाम 4.45 और 5.10 बजे दिल्ली से चंडीगढ़ आने वाली और जयपुर से 5.50 बजे चंडीगढ़ आने वाली उड़ान रद्द रही। वहीं जेट की ही दोपहर को 12.45 बजे मुंबई जाने वाली उड़ान दो घंटे देरी से रवाना हुई।