श्रीनगर एयरपोर्ट पर एक विमान का टायर फटने के चलते चंडीगढ़ से गई इंडिगो की फ्लाइट को वापस भेज दिया गया। दूसरी तरफ स्पाइस जेट के विमान को इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रशासन ने श्रीनगर के लिए रवाना नहीं किया। इससे नाराज स्पाइस जेट के यात्रियों ने विमान में ही हंगामा शुरू कर दिया। सीआईएसएफ ने हल्का बल प्रयोग कर करीब एक घंटे बाद यात्रियों को विमान से उतारा।
वीरवार को चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 360 यात्री श्रीनगर नहीं जा सके। वहां की दो फ्लाइटों को कैंसिल कर दिया गया। हुआ यूं कि वीरवार को दोपहर 1.20 बजे इंडिगो का विमान 180 यात्रियों को लेकर श्रीनगर रवाना हुआ। लेकिन जब तक यह विमान श्रीनगर एयरपोर्ट पर उतरता, उससे पहले ही वहां रनवे पर एक विमान का टायर फट जाने के कारण विमानों की लैंडिंग रोक दी गई थी।
इसके चलते चंडीगढ़ की इंडिगो की फ्लाइट भी श्रीनगर एयरपोर्ट पर करीब एक घंटे चक्कर लगाने के बाद लैंड नहीं कर सकी और वापस लौट आई। उस विमान के वापस लौटने के कारण श्रीनगर के लिए चंडीगढ़ एयरपोर्ट से दोपहर 2.15 बजे की स्पाइस जेट की फ्लाइट समय पर उड़ान नहीं भर सकी। बाद में यात्रियों को बताया गया कि श्रीनगर की फ्लाइट कैंसिल कर दी गई है।
इससे नाराज यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया और नारेबाजी की। वे विमान से उतरने के लिए तैयार नहीं थे। हालात गंभीर होने पर एयरपोर्ट अथारिटी ने सीआईएसएफ के जवानों को विमान के भीतर भेजा। यात्रियों का आरोप है कि उनके साथ जवानों ने धक्का मुक्की और अभद्रता की। यात्रियों को विमान से एक घंटा बाद उतारा जा सका। इसके बाद यात्रियों ने एयरपोर्ट पर धरना शुरू कर दिया।
सेक्टर - 41 निवासी संदीप, दीपक गर्ग, मदन कुमार ने बताया कि श्रीनगर की फ्लाइट रद कर दी गई। हमारा किराया भी 14 दिन बाद रिफंड होगा। हमें बहुत परेशानी हुई है।
इंडिगो के यात्री शुक्रवार और शनिवार को भेजे जाएंगे
चंडीगढ़ एयरपोर्ट
- फोटो : amar ujala
वहीं इंडिगो की ओर से 180 यात्रियों को श्रीनगर के लिए शुक्रवार और शनिवार तक रवाना किया जाएगा। इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि हम शुक्रवार और शनिवार को इन यात्रियों को श्रीनगर भेजेंगे। अगर यात्रियों को नहीं जाना है तो वह टिकट कैंसिल करा सकते हैं। मोहाली केरहने वाले परमिंदर सिंह, जतिन सिंह, तेजिंदर सिंह ने बताया कि फ्लाइट श्रीनगर से वापस आ गई है। इस कारण हमें परेशानी हुई। हालांकि इंडिगो की ओर से दो दिन बाद का टिकट दिया गया है।
विशाल , यात्री स्पाइस जेट ने कहा कि स्पाइस जेट की फ्लाइट से दिल्ली आए थे। श्रीनगर जाने के लिए टिकट बुक कराई थी, लेकिन फ्लाइट इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान नहीं भरी। इस कारण परेशानी हुई है। फ्लाइट केकाउंटर पर भी सही जानकारी नहीं दी जा रही।
अर्जुन , यात्री स्पाइस जेट के मुताबिक फ्लाइट का संचालन चंडीगढ़ से 2.15 बजे होना था। फ्लाइट कैंसिल होने के बाद अब हमें यहां पर स्टे करना पडे़गा। इससे हमारा पैसा खर्च होगा। वहीं, टैक्सी लेने पर श्रीनगर के लिए 7 से 10 हजार तक खर्चना पडे़गा। विमानन कंपनी हमारा कोई सहयोग नहीं कर रही।
श्रीनगर का सफर करने वाले सुनील भाटिया ने बताया कि यहां पर अच्छे रेस्टोरेंट नहीं है। फ्लाइट कैंसिल हो चुकी है। अब अच्छी सुविधा नहीं मिलने से परेशानी हो रही है। स्पाइस जेट की ओर से हमे टिकट की सही जानकारी भी नहीं दी जा रही है। वहीं तत्काल की दिल्ली वापस लौटने की टिकट 10 हजार की मिल रही है।
सुनील दत्त, सीईओ, इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने बताया कि श्रीनगर के रनवे पर फ्लाइट का संचालन बाधित हो गया है। इस कारण इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दो फ्लाइट कैंसिल करनी पड़ी। शुक्रवार को मेरे पास फ्लाइट कैंसिल होने की रिपोर्ट आएगी तो मैं देखूंगा कि क्या खामी रही।
एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट, चलाया चेकिंग अभियान
इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वीरवार को हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। यहां पर सीआईएसएफ और पंजाब पुलिस के जवानों ने चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान सभी बसों, टैक्सी सहित सभी जगह चेकिंग की गई। इसके साथ ही पंजाब पुलिस की सिक्योरिटी बढ़ा दी गई। एयरपोर्ट एरिया के एसएचओ एचएस बल ने बताया कि सभी जगह चेकिंग अभियान चलाया गया है।
7 जुलाई तक विजिटर केलिए बंद किया एयरपोर्ट
इंटरनेशनल एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से 29 से 7 जून तक विजिटर केलिए बंद कर दिया गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सुरक्षा कारणों से यह फैसला लिया है।