डरा-धमकाकर रकम वसूल करने के मामले में पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पीड़ित की शिकायत के बाद एसएसपी के निर्देश पर बुधवार को यह कार्रवाई की गई। आरोपी पुलिस मुलाजिम एंटी गुंडा सेल में तैनात थे।
पीड़ित ने मामले की शिकायत बुधवार की सुबह की थी।
आखिरकार शाम तक आरोप की पुष्टी होते ही इस मामले में कार्रवाई कर दी गई। पुलिस के अनुसार पांचों आरोपी हवलदार योगा सिंह, सुखदीप सिंह, शरणजीत सिंह, राजेश कुमार, गुरमीत सिंह के खिलाफ भष्टाचार का मामला दर्ज कर लिया गया है। हालांकि समाचार दिए जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की गई थी।
इस संबंध में एसएसपी बटाला मनमिंदर सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह गांव ठीकरीवाल के रहने वाले तरनदीप सिंह ने शिकायत की थी कि आरोपी पुलिस मुलाजिमों ने उससे राह चलते अवैध रूप से डरा-धमकाकर रकम वसूल लिए। एसएसपी ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए डीएसपी डी को लगाया गया था। बुधवार देर शाम तक चली जांच में आरोप की पुष्टी हो गई। इसी आधार पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।