चंडीगढ़ में सेक्टर 44 स्थित सैलून में भीषण आग लग गई। हादसे में तीन युवतियों समेत चार लोगों की जान बाल बाल बच गई। उन्हें धुंए के कारण दम घुटने से अस्पताल भेजना पड़ा। हालांकि कुछ देर बाद सभी को अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। आग में शोरूम जल कर राख हो गया। जिससे शोरूम मालिक को लाखों का नुकसान हुआ। दमकल विभाग का कहना है कि शोरूम में आग बुझाने संसाधन नही थे और भी कई खामियां पाई गई है। जिसके लिए मालिक को नोटिस भेजा जाएगा।
जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह करीब 12 बजे सेक्टर 44 स्थित फेमिना प्लस सैलून की पहली मंजिल पर आग लग गई। जिसको काबू करने के लिए मौके पर दो दमकल की गाड़ियां पहुंची और आग पर काबू पाया। इस दौरान पहली मंजिल सैलून चार लड़कियों समेत छह लोग ऊपर मंजिल पर फंस गए। जिनको फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद निकाला। इस दौरान तीन लड़कियां व एक लड़के को दम घुटने की वजह से सेक्टर 16 अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई।
शोरूम के मालिक दिनेश मल्होत्रा ने बताया कि पहले आग बिजली के मीटर में लगी। उसके बाद स्पार्किंग शुरू हो गई और देखते देखते ही आग पूरी शोरूम में फैल गई। आग लगने से शोरूम में रखा सारा फर्नीचर, एसी कंप्यूटर और अन्य सामान जल कर राख हो गया। मौके पर पहुंचे सेक्टर 32 फायर स्टेशन ऑफिसर जे एस सिद्धू ने बताया कि शोरूम में आग लगने पर आग बुझाने के अग्निशमन यंत्र तक नही लगा रखे थे। एमरजेंसी में बाहर निकलने का एक ही रास्ता था। जिसके बाद आग लगने के बाद कर्मचारी पहली मंजिल पर ही फंस गये। शोरूम का फिर से निरीक्षण किया जाएगा। जो भी शोरूम में खामियां है उसके लिए शोरूम मालिकों को नोटिस भेजा जाएगा और उनके खिलाफ बनती कार्यवाई की जाएगी।