चंडीगढ़ से एक परिवार दिल्ली के लिए निकला, लेकिन नेशनल हाइवे-वन के फ्लाईओवर पर उनकी कार अचानक आग के गोले में तब्दील हो गई। कार में सवार शुभम का परिवार घबरा गया। शुभम ने तुरंत कार को रोका और कार से उतरकर पुलिस और फायर ब्रिगेड को फोन किया।
सूचना मिलते ही सेक्टर-6 चौकी पुलिस व फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और काग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार जल चुकी थी। सेक्टर-6 चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि चंडीगढ़ निवासी शुभम पत्नी राधिका, बहन मीनाक्षी के साथ कार से दिल्ली की ओर जा रहा था।
जैसे ही वह करनाल में सेक्टर-6 के फ्लाईओवर पर पहुंचा तो कार के अगले हिस्से से धुआं निकलने लगा और अचानक आग लग गई, उसने तुरंत कार को रोका और पत्नी और बहन को कार से बाहर निकाला। शुभम को आशंका है कि कार में शार्ट सर्किट के कारण आग लगी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।