चंडीगढ़ में फर्नीचर शोरूम में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एरिया फेज दो में रविवार देर रात एक फर्नीचर शोरूम में आग लग गई। आग काफी भयंकर थी। आग की लपटों को देखकर वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। जिसके बाद मौके पर पुलिस और फायर विभाग की टीम पहुंची। करीब चार घंटे के ऑपरेशन के बाद सुबह चार बजे आग पर काबू पाया गया। आग में लाखों रुपये का फर्नीचर जल गया है।
दमकल विभाग के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग की टीम सोमवार को मौके पर जाकर इसकी पड़ताल करेगी। शोरूम के अंदर लकड़ी का फर्नीचर होने के कारण आग काफी तेज भड़क गई थी। शोरूम में फर्नीचर पर लगे केमिकल के कारण भी इस आग ने विकराल रूप ले लिया था।
यह भी पढ़ें: करतारपुर साहिब के पास डांस पार्टी: पंजाब में गरमाई सियासत, एक सुर में पाकिस्तान सरकार से की कार्रवाई की मांग
मौके पर इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 के फायर टेंडर के अलावा दूसरे और स्टेशनों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलानी पड़ी। करीब 1:30 बजे तक आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था, लेकिन पूरा ऑपरेशन सुबह 4 बजे तक चला।
अक्तूबर में कई जगह लगी थी आग
4 अक्तूबर को इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में ही भजन गायक कन्हैया मित्तल के भाई के फर्नीचर के शोरूम में आग लगी थी। इसमें भी पूरा फर्नीचर जल गया था। इससे पहले इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में टोयोटा गाड़ियों के शोरूम में भी आग लग गई थी। नौ अक्तूबर को पीजीआई के नेहरू ब्लॉक में आग लगी थी। इसमें अस्पताल में काफी नुकसान हो गया था। वहीं 16 अक्तूबर को पीजीआई के एडवांस आई सेंटर में भी आग लगी थी। दिवाली वाले दिन भी देर शाम चंडीगढ़ के बापूधाम कॉलोनी में कपड़ों के तीन मंजिला शोरूम में आग लग गई थी। इसमें कपड़ों का काफी नुकसान हुआ था।