चंडीगढ़। हिमाचल प्रदेश को वैश्विक व्यापार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रविवार को हिम एमएसएमई फेस्ट के दूसरे दिन शिमला में हिमाचल प्रदेश सरकार और ब्रिक्स चंडीगढ़ के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह एमओयू मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश और उद्योग मंत्री की उपस्थिति में हुआ।
इस अवसर पर ब्रिक्स चंडीगढ़ के अध्यक्ष दीपक शुक्ला भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसका उद्देश्य हिमाचल प्रदेश और ब्रिक्स देशों (ब्राज़ील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका) के बीच आयात–निर्यात व्यापार को प्रोत्साहन देना और प्रदेश के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश सुक्खू ने एमओयू पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा यह समझौता हिमाचल प्रदेश के उद्योग, बागवानी, कृषि और एमएसएमई सेक्टर के लिए नए अवसर खोलेगा। ब्रिक्स चंडीगढ़ के सहयोग से हमारे स्थानीय उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाज़ार तक पहुंचेंगे, जिससे रोजगार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा।