रंजिश के चलते दो पक्षों में सेक्टर-22 स्थित मोबाइल मार्केट में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मामला इतना तूल पकड़ गया किया कि एक-दूसरे पर तेजदार हथियारों से हमला कर दिया। मारपीट में दोनों पक्षों के कई युवकों को गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उन्हें पीजीआई में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने इस मामले में सेक्टर-17 थाने में दोनों पक्षों के खिलाफ मारपीट सहित हत्या के प्रयास की धारा 307 के तहत केस दर्ज कर मामले में जांच शुरू कर दी है।
रोहन निवासी नियर साउथ इंडियन ढाबा खुदा लाहौरा ने बताया कि बीते रविवार को वह सेक्टर-22 स्थित मोबाइल मार्केट में अपने कुछ रिश्तेदार युवकों के साथ मौजूद था। इसी दौरान मोबाइल मार्केट में ब्रजेश, साहिल, तनुज और राहुल कालिया सहित अन्य कुछ युवक आए और उन्होंने मारपीट करनी शुरू कर दी। जब रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने तेजदार हथियारों से हमला करके उन्हें लहूलुहान कर दिया। इस मारपीट में रोहन के अलावा उनके रिश्तेदार तुनीश वालिया भी बुरी तरह से घायल हो गए और उन्हें पीजीआई में भर्ती कराया गया है। बाद में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपी साहिल, तनुज, राहुल को गिरफ्तार किया।
उधर, दूसरे पक्ष की ओर से सेक्टर-25 के झुग्गी नंबर 3288 निवासी ब्रजेश ने भी पुलिस को दी गई शिकायत में बताया है कि सेक्टर-22 मोबाइल मार्केट में नितिन कोड़ा, ट्यूनिश, तारा और रोहन सहित अन्य ने उस पर तेजदार हथियारों से हमला किया है। इसके चलते उसे मारपीट के दौरान काफी गंभीर चोटें आई है और वह अभी पीजीआई में ही उपचाराधीन है। इस मामले में पुलिस ने घायल के बयानों पर पहले मामला दर्ज करवाने वाले शिकायतकर्ता रोहन व अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है और जांच टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।