होडल। आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर तीन युवकों ने इलाके की एक युवती का अपहरण लिया। चंडीगढ़ ले जाकर युवती पर शादी का दबाव डाला। इन्कार करने पर तीनों ने युवती से सामूहिक दुष्कर्म किया और भाग निकले। पीड़ित युवती ने किसी के फोन से परिजनों को सूचना दी। परिजन चंडीगढ़ पहुंचे और युवती को घर ले आए। पीड़िता की तबीयत ठीक होने पर पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण व सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज किया है।
इलाके के एक ग्रामीण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 9 अप्रैल को वह अपने परिजनों के साथ घर में सोया हुआ था। सुबह आंख खुली तो उसकी 19 वर्षीय बेटी घर लापता थी। उसने उसे काफी तलाशा पर वह नहीं मिली। 10 अप्रैल को बेटी का फोन आया और उसने बताया कि वह चंडीगढ़ में और उसकी तबीयत ठीक नहीं है। परिजन चंडीगढ़ पहुंचे और घायल अवस्था में मिली बेटी का इलाज शुरू कराया। पीड़िता ने परिजनों को बताया कि जाहिद निवासी पढ़ेनी तावडू ने नहाते हुए उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया था। उसने फोन पर धमकी दी कि अगर उसने उसकी बात नहीं मानी तो वह वीडियो वायरल कर देगा। आरोपी अपने साथी साहिल उर्फ टईया निवासी पढेनी तावडू, मनजिस निवासी खरखड़ी तावडू के साथ कार में उसे चंडीगढ़ ले गया और शादी के लिए दबाव डालने लगा। इन्कार करने पर आरोपियों ने उससे सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए। पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।