चंडीगढ़ फर्नीचर मार्केट सेक्टर-53 में लगी भीषण आग।
चंडीगढ़ में सेक्टर-53 की मार्केट में सोमवार देर रात फर्नीचर की करीब 15 दुकानों में भीषण आग लग गई। आग में लाखों के फर्नीचर जलकर राख हो गया। आग इतनी भीषण थी कि देर रात तक 11 फायर टेंडर आग बुझाने में जुटे रहे। खबर लिखे जाने तक फायर कर्मी आग बुझाने की कोशिश में लगे हुए थे। हालांकि गनीमत रही कि इस आग में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि फर्नीचर मार्केट के पीछे रह रहे किसी मजदूर का गैस सिलिंडर फटने से आग लगी है।
हालांकि, खबर लिखे जाने तक किसी ने इसकी पुष्टि नहीं की थी। वहीं, शार्ट सर्किट से भी आग लगने की आशंका जताई जा रही है। दुकानदारों के अनुसार, रात करीब साढ़े 11 बजे सेक्टर-53 की मार्केट में एक फर्नीचर की दुकान से आग की लपटें निकलते देख हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी जबरदस्त थी कि फर्नीचर की करीब 15 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
आसपास के लोग आग बुझाने का प्रयास करने लगे और मामले की सूचना फायर ब्रिगेड व पुलिस को दी। सूचना पर फायर ब्रिगेड टीम और सेक्टर-36 थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। रात डेढ़ बजे तक कुछ दुकानों से धुआं उठता रहा, जिसको बुझाने में फायर कर्मी जुटे रहे। आग से लगभग 15 दुकानों का माल जलकर राख हो गया है। हालांकि कुछ सामान को व्यापारियों ने निकालकर रोड पर रखा। आपदा प्रबंधन की टीम ने भी पहुंचकर पूरे नुकसान का जायजा लेने में जुटी हुई है।
सामान निकालने दुकानों में घुसे दुकानदारों ने भागकर बचाई जान
सेक्टर-53 की फर्नीचर मार्केट में आग लगते ही हड़कंप मच गया। अपना सामान बचाने के लिए दुकानदार दुकानों में घुस गए और सामान को आग से बचाने की कोशिश में जुट गए। अन्य दुकानदारों ने भी उनकी मदद की लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उन्हें वहां से भागकर जान बचानी पड़ी। आसपास के दुकानदारों की सांसें तब तक थमी रहीं जब तक कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियां नहीं पहुंचीं। बताया गया कि आग में लाखों रुपये के फर्नीचर समेत काफी सामान जलकर राख हो गया।
इन स्टेशन से पहुंचा फायर टेंडर
घटना के बाद फायर अफसर अनिल शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। भीषण आग लगने के कारण शहर के लगभग सभी फायर स्टेशन से मौके पर गाड़ियां बुलाई गईं। इस दौरान सेक्टर 32, सेक्टर 11, सेक्टर 17, सेक्टर 38, और राम दरबार फायर स्टेशन से गाड़ियां मौके पर पहुंची।
पहले भी लगती रही है आग
बता दें कि बीते कुछ सालों से सेक्टर-53 की फर्नीचर मार्केट में आग लगती रही है। हर बार आग का कारण शार्ट सर्किट बताया जाता है, लेकिन हर साल इस मार्केट में आग लगती है। आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान भी होता है। इसके बावजूद यहां पर आग लगने के नियंत्रण का कोई समाधान नहीं निकाला जा सका है।
घटना के बाद आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश की जा रही है। लगभग सभी गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुईं हैं। जल्द ही आग पर काबू कर लिया जाएगा। आग किन कारणों से लगी है इसकी जांच की जाएगी।
-अनिल शर्मा, फायर अफसर