चंडीगढ़। शहर के विभिन्न निजी और सरकारी स्कूलों व कॉलेजों में रविवार को एनडीए की परीक्षा का आयोजन किया गया। यूपीएससी की ओर से आयोजित एनडीए परीक्षा में पहली बार लड़कियों ने भी हिस्सा लिया है, लेकिन शहर के केंद्रों पर लड़कियां कम ही दिखीं। विशेषज्ञों ने बताया कि जिन प्रतिभागियों ने इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी की, उनके लिए परीक्षा आसान थी। हालांकि सामान्य प्रतिभागियों के लिए परीक्षा थोड़ी कठिन रही।
विशेषज्ञ अजय सिंह गुलेरिया और कुनाल ने बताया कि परीक्षा में गणित का हिस्सा कठिन था, जिससे प्रतिभागियों को मुश्किल आई। हालांकि अंग्रेजी और सामान्य ज्ञान के प्रश्न थोड़े आसान थे। इंजीनियरिंग परीक्षाओं की तैयारियां करने वाले विद्यार्थियों के लिए पेपर का तरीका आसान था।
इस बार परीक्षा में लड़कियों के भी सम्मिलित होने से स्पर्धा और अधिक बढ़ गई है। देशभर में करीब डेढ़ लाख लड़कियों ने एनडीए की परीक्षा दी। एनडीए के साथ रविवार को सीडीएस की परीक्षा भी आयोजित की गई। दोनों ही परीक्षाओं के परिणाम दिसंबर में आने की संभावना है। इसमें चयनित उम्मीदवारों को एसएसबी (सर्विस सिलेक्शन बोर्ड) के लिए उत्तीर्ण होना पड़ेगा।