एक्सप्रेस-वे पर जाम में फंसे वाहन।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
किसान नेता राकेश टिकैत पर राजस्थान के अलवर में हमला होने से कुंडली धरनास्थल पर किसान भड़क गए। किसानों ने हमले के विरोध में शुक्रवार शाम को केएमपी पर पहुंचकर जाम लगा दिया। वहां किसानों ने करीब एक घंटे तक जाम लगाकर रखा, जिससे केएमपी व केजीपी पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। इसका पता चलने पर किसान नेता वहां पहुंचे और जाम लगाकर बैठे किसानों को समझाकर शांत किया। इस घटना का रणनीति बनाकर विरोध करने की बात कही गई, जिसके बाद किसानों ने जाम खोला और यातायात बहाल हो सका।
किसानों ने आरोप लगाया कि राकेश टिकैत पर केंद्र सरकार ने हमला कराया है। यह आरोप लगाते हुए कुंडली बॉर्डर से सैकड़ों किसान केएमपी पर पहुंच गए और वहां ट्रैक्टर व अन्य वाहन खड़े करके जाम लगा दिया। किसानों ने करीब सात बजे केएमपी को जाम किया और एक घंटे तक यातायात ठप रखा। केएमपी व केजीपी पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहां पहुंची पुलिस ने किसानों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह केएमपी से हटने के लिए तैयार नहीं हुए। किसानों ने हमला करने वालों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। जिसके बाद किसान नेताओं ने पहुंचकर उनको राकेश टिकैत के संदेश के बारे में बताया कि किसी तरह की अशांति नहीं फैलानी है।