भाकियू (चढूनी) ने हरियाणा के सभी सांसदों, विधायकों, मंत्रियों आदि के आवासों पर धरना देने का एलान किया है। इसके बाद सैकड़ों किसान करनाल में प्रेम नगर स्थित मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आवास पहुंच गए हैं और धरना शुरू कर दिया है। करीब 10:55 बजे बारिश शुरू हो गई। इसके बाद भी किसान यहां से हटे नहीं हैं। टेंट लगा दिया गया है।
किसानों ने एलान किया है कि जब तक किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी को रिहा नहीं किया जाता है, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। वहीं चढूनी की रिहाई की सूचना पर किसानों ने धरना खत्म कर दिए और अपने घरों को लौट गए। मौके पर जगदीप औलख, राजेंद्र आर्य के साथ-साथ अमृत बुग्गा, गुरजंट सिंह आदि सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
कुरुक्षेत्र में खेल राज्यमंत्री और विधायकों के आवास को घेरा
किसानों ने शाहाबाद में खेलराज्य मंत्री संदीप सिंह, विधायक रामकरण काला और कुरुक्षेत्र में थानेसर से विधायक सुभाष सुधा के आवास का घेराव किया। वहीं पिहोवा में हिसार चंडीगढ़ नेशनल हाईवे और लाडवा में बंसल अस्पताल के सामने सड़क पर जाम लगा दिया। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल खेल राज्यमंत्री व विधायकों के आवास के बाहर पहुंचा और बैरिकेडिंग कर किसानों को आगे जाने से रोका। थानेसर विधायक सुभाष के आवास पर सैकड़ों की संख्या में किसानों ने डेरा जमाया और वहीं पर लंगर भी खाया।
रोहतक में लगाया जाम
रोहतक जिले में मकड़ौली टोल प्लाजा पर शाम सात बजे से और महम में भेणी महराजपुर में सवा आठ बजे से किसानों ने जाम लगाया है। झज्जर जिले के डीघा टोल प्लाजा पर आठ बजे से जाम लगा है। जींद जिले में जींद-बरवाला रोड पर किसानों ने देर शाम जाम लगा दिया। इससे कुरुक्षेत्र और करनाल के रास्ते बंद हो गए।