प्रदर्शन में मौजूद श्री हरगोबिंदपुर के डीएसपी हरिकृष्ण सिंह ने बताया कि पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में नामजद मुख्य आरोपी सुखजिंदर सिंह फरार हैं। पुलिस की कई टीमें उसकी गिरफ्तारी में जुटी हुई हैं।
चार हत्याओं का मुख्य आरोपी काबू
पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों के हंगामा के बाद सोमवार देर शाम एसएसपी बटाला रशपाल सिंह ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बलड़वाल गोली कांड में नामजद मुख्य आरोपी सुखजिंदर सिंह उर्फ सोनी को सोमवार को गिरफ्तार किया है जबकि उसका भाई जतिंदर सिंह उर्फ ज्योति और कुलविदंर कौर निवासी बलड़वाल को रविवार देर रात को गिरफ्तार कर लिया था। वारदात में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद कर लिया है। पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश करके रिमांड हासिल करेगी।
क्या है मामला
बटाला के गांव बलड़वाल में रविवार की सुबह करीब छह बजे बलड़वाल के रहने वाले सुखजिंदर सिंह उर्फ ने सोनी ने अपनी भाई ज्योति संग मिलकर अपनी पुरानी रंजिश निकालते हुए गांव बलड़वाल के एक ही परिवार के छह लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इसमें एक ही परिवार के चार लोगों की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। उनका अमृतसर में इलाज चल रहा है।
शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस को दिए बयान के मुताबिक रंजिश यह थी कि उक्त परिवार सुखजिंदर सिंह के खिलाफ पंचायत चुनाव में खड़ा हुआ था और इसके बाद उक्त परिवार के किसी सदस्य ने गांव में राशन का डिपो लेने के लिए सुखजिंदर सिंह के खिलाफ आवेदन किया था। इस वजह से सुखजिंदर सिंह उक्त परिवार के प्रति रंजिश रखता था। वहीं घुमान पुलिस ने सुखजिंदर सिंह सोनी, उसके भाई जतिंदर सिंह ज्योति और पत्नी कुलविंदर कौर के खिलाफ हत्या और असलहा एक्ट का मामला दर्ज किया है।