अभी अठारह लाख रुपये बिजली का बिल आने का मामला ठंडा नहीं हुआ था कि फेज-9 स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में एक उद्योगपति को छह करोड़ का बिजली बिल पावरकॉम ने थमा दिया। जबकि उक्त उद्योगपति की फैक्टरी में काम मार्च 2014 से बंद पड़ा है।
वहीं, उद्योगपति अपनी फैक्टरी के तीस किलोवाट लोड का बिल अदा करते आ रहे हैं। फिर भी उन्हें 6 करोड़ 14 लाख 74 हजार 918 रुपये का बिल भेजा गया है। उन्होंने पॉवरकॉम से इस तरफ ध्यान देने की मांग की है।
उद्योगपति गुलजीत सिंह विभाग द्वारा भेजे गए बिल के मुताबिक दस सितंबर 2014 से 10 दिसंबर 2014 (91 दिन) में कनेक्शन से 94 लाख 6 हजार 229 यूनिट बिजली की खपत हुई है। जोकि रोजाना के हिसाब से एक लाख 4 हजार 334 यूनिट प्रतिदिन बैठती है।
उन्होंने बताया कि कुछ समय फैक्टरी का काम बंद होने के कारण बिजली विभाग से मिला बिल अदा करते आ रहे हैं, लेकिन नए साल में बिजली विभाग द्वारा भेजे गए बिल ने उन्हें हिलाकर रख दिया है। उन्हें समझ ही नहीं आ रहा है कि आखिर वह क्या करें। उन्होंने बताया कि इस संबंधी बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया था।
उन्होंने बताया था कि वह एप्लीकेशन दें, साथ ही विभाग द्वारा बनती कार्रवाई की जाएगी, लेकिन उल्टा विभाग ने 20 जनवरी को छह करोड़ 86 लाख 15 हजार 820 रुपये का बिल भेज दिया। जब वह दोबारा विभाग के दफ्तर पहुंचे तो अधिकारियों ने बताया कि उनकी तरफ से की गई अर्जी पर कार्रवाई चल रही है।
उन्हें मीनिमम बिल जारी कर दिया जाएगा, परंतु कुछ दिन पहले उनका कनेक्शन ही काट दिया गया। उन्होंने कहा कि पहले वह दिल की बीमारी से पीड़ित है।
वहीं, अब उन्हें मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने बिजली विभाग से इस तरफ तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामला उनके ध्यान में है।