भाजपा और शिरोमणि अकाली दल गठबंधन के बीच आपसी रंजिश अब खुलकर सामने आ गई है। अकाली पार्षद मलकीत सिंह ने भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमित राणा के खिलाफ एसएसपी को शिकायत दी है।
मलकीत ने राणा पर फेसबुक पर गलत कमेंट्स करने का आरोप लगाया है। एसएसपी ने मामला साइबर सेल को दे दिया है। भाजपा व अकाली नेताओं में ये फेसबुक वॉर पिछले दो महीनों से चल रही है। यहां तक की भाजपा नेताओं ने मलकीत सिंह के खिलाफ धरना भी दिया था।
भाजपा के युवा नेताओं की ये हरकत दोनों पार्टियों की गरिमा को खराब कर रही है। ये भाजपा के उन नेताओं की कारगुजारी है जो चुनाव में किरण खेर को हरवाना चाहते थे। हमने खेर को जिताने के लिए पूरा जोर लगाया और कुछ नेता इसी वजह से हमसे नाखुश थे। अब ये नेता युवाओं के जरिए अपनी भड़ास निकाल रहे हैं।
जगजीत सिंह कंग, अध्यक्ष
शिरोमणि अकाली दल, चंडीगढ़
भाजपा नेता को हमारे गठबंधन की भी कोई कदर नहीं है। इसलिए वे गलत और घटिया राजनीति का सहारा ले रहे हैं। भाजपा के यूथ प्रेसीडेंट अमित राणा युवाओं को मेरे खिलाफ भड़का रहे थे, इसलिए मजबूरन मुझे कानून का सहारा लेना पड़ा।
मलकीत सिंह, अकाली पार्षद, वार्ड नंबर-10
मेरी मलकीत सिंह के साथ कोई दुश्मनी नहीं है। उनके वार्ड में एक गटर का काम कई दिनों से रुका था। इलाके के युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने सीनियर डिप्टी मेयर हीरा नेगी से कहकर वहां काम शुरू करवा दिया और फेसबुक पर पोस्ट कर दिया। क्रेडिट लेने के चक्कर में मलकीत ने एसडीओ से कहकर काम रुकवा दिया। इस कारण युवा कार्यकर्ताओं में उनके खिलाफ नाराजगी थी। वह पिछले कई महीनों से गटर की रिपेयर के काम को लेकर टालमटोल कर रहे थे।
अमित राणा, प्रदेश अध्यक्ष, भाजयुमो