कैप्टन अमरिंदर सिंह ने उन्हें ही नहीं, बल्कि पार्टी से भी धोखा किया है। कैप्टन, प्रशांत किशोर और कुछ अन्य नेताओं ने सोनिया गांधी को उनके बारे में गुमराह किया है। सोनिया गांधी को बताया गया कि बैसाखी वाले दिन बराड़ आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं।
जबकि हकीकत में ऐसा कुछ नहीं था। लेकिन, बिना पक्ष सुने मुझे पार्टी से निलंबित कर दिया गया। यह बात कांग्रेस से निष्काषित किए गए नेता जगमीत बराड़ ने गुरुद्वारा अंब साहिब में पत्रकारों से कही। उन्होंने कहा कि 21 मई को चप्पड़चिड़ी के मैदान में जनसमूह को आमंत्रित किया है। इस दौरान जनसभा जो फैसला लेगी, उन्हें वह स्वीकार होगा।
इस मौके पर जगमीत सिंह बराड़ ने कहा कि चुनाव में वह पांच मुद्दों को लेकर उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करेंगे। लेकिन, उन्होंने स्पष्ट नहीं किया कि वह कौन सी पार्टी में जाएंगे। आम आदमी पार्टी में जाने की अटकलों पर बराड़ ने कोई साफ जवाब नहीं दिया। लेकिन, उन्होंने इतना जरूर कहा कि पंजाब में केजरीवाल को जो लोग बाहरी बता रहे हैं वे गलत हैं।
ऐसे में तो पार्टी चौथे नंबर पर चली जाएगी
बराड़ ने कहा की बिना पक्ष सुने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया गया। इसी तरह अन्य सीनियर नेताओं को निकाला जा रहा है। जबकि, कुछ नेता पार्टी छोड़ कर खुद जा रहे हैं। ऐसे हालात में विधान सभा चुनाव में कांग्रेस चौथे स्थान पहुंच जाए तो हैरानी नहीं होनी चाहिए। बराड़ ने राज्य के लोगों से अपील की है कि वह सोच समझकर मतदान करें, ताकि सत्ता की चाबी सही हाथों में जाए।