पुलिस ने थाना मक्खू के अंतर्गत हरिके पत्तन पुल पर किसानों की ओर से दिए जा रहे धरने को असफल करने के लिए पूर्व कैबिनेट मंत्री इंद्रजीत सिंह जीरा समेत कई किसानों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की खींचतान में इंद्रजीत सिंह की पगड़ी भी गिर गई।
किसानों की ओर से मंगलवार को इंद्रजीत सिंह की अगुवाई में धरना दिया जाना था। अनाज मंडियों में धान की खरीद में किसानों के साथ हो रही लूटखसोट को लेकर कुछ दिन पहले हरिके पत्तन पुल पर इंद्रजीत सिंह जीरा की अगुवाई में किसानों ने धरना दिया था। उस समय पुलिस ने किसानों पर लाठीचार्ज किया था।
पुलिस ने पुल पर धरना देकर यातायात ठप करने के आरोप में इंद्रजीत सिंह समेत दो दर्जन किसानों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। किसानों पर दर्ज हुए मामले रद्द करवाने के लिए मंगलवार को इंद्रजीत सिंह जीरा की अगुवाई में किसान हरिके पत्तन पुल पर धरना देने पहुंचे थे। तब इंद्रजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। यही नहीं इंद्रजीत सिंह को पुलिस पहले मक्खू थाना, उसके बाद जीरा थाना फिर तलवंडी भाई आखिर में ममदोट थाना ले गई ताकि किसानों को इंद्रजीत सिंह के बारे कुछ पता न चले।