चंडीगढ़। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने आयुष्मान भारत योजना के तहत सभी नागरिकों को आयुष्मान कार्ड दिए जाने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद के पत्र को आगामी कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।चंडीगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कैलाश चंद जैन ने बताया कि चंडीगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने बीते दिनों केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया से मिलकर अन्य केंद्र शासित प्रदेशों की तरह चंडीगढ़ में भी सभी नागरिकों के लिए आयुष्मान कार्ड जारी किए जाने की मांग करते हुए एक ज्ञापन सौंपा था। इस पर संज्ञान लेते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने उचित कार्रवाई के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को प्रेषित कर दिया है। यह चंडीगढ़ में सभी के लिए आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की कार्यवाही की शुरुआत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बारे में शीघ्र निर्णय होगा व शहर के सभी नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बन सकेंगे।
अरुण सूद ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया का आभार जताया है। उन्होंने कहा है कि यह निर्णय जहां भाजपा की बहुत बड़ी उपलब्धि होगी वहीं शहरवासियों के लिए भी बड़ी राहत मिलेगी।