उत्तरी हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से लोगों को सुविधा मुहैया करवाने के लिए सोशल साइट्स की सहायता लेने का फैसला लिया गया है। जिले में अब बिजली गुल की शिकायत करनी हो, बिजली के कनेक्शन या बिजली कट के बारे में कोई भी व्यक्ति इन सब के बारे में अपने स्मार्ट फोन से जानकारी ले सकेगा।
बिजली विभाग से संबंधित सभी सुविधाएं अब मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर पर चलने वाली सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर उपलब्ध होंगी। दरअसल यूएचबीवीएन (उत्तरी हरियाणा बिजली वितरण निगम) की ओर से फेसबुक पर एक पेज बनाया जा रहा है। अभी इस पेज की डिजाइनिंग का काम किया जा रहा है। अगले महीने पेज की डिजाइनिंग पूरी कर दी जाएगी और लोग बिजली विभाग से संबंधित शिकायतें कर सकेंगे।
यूएचबीवीएन के एमडी नितिन यादव ने बताया कि यूएचबीवीएन का जिला स्तर का फेसबुक पेज इसलिए बनाया जा रहा है ताकि लोग बिना किसी दौड़ भाग के अपनी बात फेसबुक के माध्यम से कह सकेंगे। कोई भी शिकायत करनी हो या कनेक्शन संबंधी कार्य हो, लोग समस्या के बारे में फेसबुक के माध्यम से अपनी बात कह सकते हैं। इस पर निगम के कर्मचारी सहित सीनियर अधिकारी कंज्यूमर से सीधी बातचीत हो सकेगी। इसका उद्देश्य लोगों को बेहतर सर्विस देना है। फेसबुक पेज पर बिजली फॉल्ट या ब्रेकडाउन के बारे में पेज पर शिकायत आते ही तुरंत कार्रवाई की जाएगी। ऐसा न करने पर उनके ऊपर का अधिकारी तुरंत उसकी स्थिति पूछ सकेगा।