चंडीगढ़। सेक्टर 9 स्थित यूटी सचिवालय के बाहर मंगलवार को बिजली कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। इलेक्ट्रिकल वर्कमैन यूनियन के बैनर तले बिजली कर्मचारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों ने इलेक्ट्रिशियन के वेतन कम कर जूनियर टेक्नीशियन के वेतन के बराबर वेतन देने की फैसले का विरोध किया। कर्मचारियों ने यह फैसला वापस लिए जाने की मांग की। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि 25 मई को बड़ी रैली होगी और 27 मई को सामूहिक भूख हड़ताल की जाएगी। दूसरी ओर, प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को मुख्य अभियंता ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।
कर्मचारियों को संबोधित करते को-ऑर्डिनेशन कमेटी के महासचिव राकेश कुमार ने कहा कि यदि मुख्य अभियंता के निर्देशों का बिजली विभाग के अधिकारी पालन नहीं करते तो आंदोलन तेज होगा। उन्होंने मांग की कि बढ़े हुए महंगाई भत्ता के आधार पर कम से कम 20 प्रतिशत डीसी रेट में बढ़ोतरी की जाए। कमेटी के प्रधान सतिंदर सिंह, चेयरमैन अनिल कुमार, लाल सिंह के अलावा इलेक्ट्रिकल वर्कमैन यूनियन के चेयरमैन वरिंदर बिष्ट, उप प्रधान यशपाल शर्मा, अवतार सिंह, सुखविंदर सिंह, बलविंदर सिंह, जसपाल सिंह, प्रीतम सिंह ने भी कर्मचारियों को संबोधित किया।