चंडीगढ़। नगर निगम चुनाव के लिए प्रचार का शोर मंगलवार शाम थम गया। इस बार चुनाव आयोग ने 72 घंटे पहले प्रचार पर रोक लगाने के आदेश जारी किए थे। इसके तहत शाम पांच बजे राजनीतिक दलों ने चुनावी सभाएं बंद कर दीं। अब प्रत्याशी घर-घर जाकर मतदाताओं से वोट करने की अपील कर रहे हैं।
नगर निगम की सभी 35 सीटों पर 24 दिसंबर को मतदान होगा। आयोग के निर्देशों के अनुरूप सभी प्रत्याशियों ने चुनावी सभा और लाउडस्पीकर से या जुलूस निकालकर प्रचार करना बंद कर दिया है। इसके साथ ही चुपचाप प्रचार करने का दौर शुरू हो गया है। सभी प्रत्याशी प्रचार बंद होने के साथ ही अब घर-घर पहुंच कर मतदाताओं को रिझाने में जुट गए हैं, जो मतदान की कवायद पूर्ण होने तक चलता रहेगा। सभी 35 सीटों पर 203 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस बार मुकाबला त्रिकोणीय हैं। भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर है। राजनीतिक पंडितों का मानना है कि कई सीटों पर जीत-हार में कुछ वोटों का अंतर रह सकता है। प्रत्याशी रैली, जनसभा, नुक्कड़ बैठकों को छोड़ स्वयं घर-घर पहुंच रहे हैं।