जिन नदियों ने सूबे को पंजाब नाम दिया, उन्हीं नदियों का पानी अब जहरीला होता जा रहा है। पंज मतलब पांच और आब यानी पानी, लेकिन अब यह पानी लगातार प्रदूषित हो रहा रहा है। यह एक बड़ा चिंता का विषय है। इन दिनों चुनावी मौसम है। सभी सियासी दल प्रचार के दौरान एक-दूसरे पर जमकर आरोप लगा रहे हैं। वोटरों को लुभाने के लिए तरह-तरह के वादे व दावे किए जा रहे हैं, लेकिन पंजाब के प्राकृतिक संसाधनों हवा, पानी व जमीन के संरक्षण को लेकर पार्टियों की क्या योजनाएं हैं, यह सब उनके एजेंडे से गायब है।
पंजाब का भूजल भी दूषित खतरनाक स्तर पर हैवी मैटल
एक सरकारी सर्वे के मुताबिक पंजाब में जमीन के नीचे पानी भी लगातार प्रदूषित होता जा रहा है। पानी में खतरनाक स्तर पर यूरेनियम, आर्सेनिक, क्रोमियम, कैडमियम और लेड की मात्रा पाई जा रही है।
मालवा क्षेत्र में बिना ट्रीट किए नदियों में डाला जा रहा गंदा पानी : पीपीसीबी
पीपीसीबी के चेयरमैन डाॅ. आदर्शपाल विग ने माना कि सतलुज, घग्गर व बुड्ढा नाला में प्रदूषण की काफी समस्या है। इसका बड़ा कारण सीवेज या शहरी कचरा है। उन्होंने बताया कि पंजाब में जितने ट्रीटमेंट प्लांट लगे हैं, उनसे केवल 70 फीसदी सीवेज का ही उपचार हो पाता है। बाकी 30 फीसदी अनुपाचित ही नदियों व नालों में डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्रियल प्रदूषण रोकने के लिए बोर्ड लगातार प्रयासरत है। साथ ही लोगों को भी जागरूक होना होगा जो नदियों व नालों में कूड़ा फेंकते हैं।
सभी दल अपने घोषणा पत्रों में शामिल करें पानी में प्रदूषण का मुद्दा : सीचेवाल
राज्यसभा सदस्य व जाने-माने पर्यावरणविद संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने कहा कि इस समय नदियों व भू-जल में बढ़ता प्रदूषण एक गंभीर समस्या है। इसलिए सभी राजनीतिक दलों को अपने चुनावी घोषणा पत्र में इसे शामिल करना चाहिए। लोगों को भी जागरूक होते हुए जब उनसे कोई प्रत्याशी वोट मांगने आए, तो उससे पहले सवाल करें कि पर्यावरण संरक्षण के लिए क्या काम करेंगे। सीचेवाल ने कहा कि राजनीतिक इच्छा शक्ति से ही इस समस्या का हल हो सकता है। वरना आने वाली पीढि़यां साफ पानी के लिए तरस जाएंगी। उन्होंने माना कि राजनीतिक हस्तक्षेप के चलते पीपीसीबी प्रदूषण फैलाने वाली इंडस्ट्रीज के खिलाफ सही ढंग से कार्रवाई नहीं कर पाता था, लेकिन अब यह बंद किया गया है।
क्या कहते हैं राजनीतिक दल
कांग्रेस के उम्मीदवार डॉ. धर्मवीर गांधी का मानना है कि पंजाब की नदियों में प्रदूषण बड़ी समस्या है। इस समय की बड़ी जरूरत है कि बिना किसी देरी के एक व्यापक सफाई योजना चलाई जाए। आप के डाॅ. बलबीर सिंह का कहना है कि सरकारी प्रयासों के साथ यह भी जरूरी है कि पूरे समाज को भी इस गंभीर मुद्दे को लेकर जागरूक किया जाए। लोग भी नदियों को साफ रखें।
भाजपा की उम्मीदवार परनीत कौर के मुताबिक चुनाव जीतने पर घग्गर दरिया की मार से पटियाला को बचाने के लिए इसकी साफ-सफाई के साथ मजबूती पर काम किया जाएगा। शिरोमणि अकाली दल के एनके शर्मा का कहना है कि पानी को आने वाली नस्लों के लिए बचाने को नदियों का साफ होना जरूरी है।