हरियाणा चुनाव ने कारोबार की रफ्तार धीमी कर दी है। क्योंकि चुनाव आयोग ने 50 हजार से ज्यादा राशि साथ लेकर चलने पर पाबंदी लगा दी है। ऐसा होने पर उनकी राशि जब्त कर ली जाएगी।
जबकि फेस्टिवल सीजन शुरू होने जा रहा है और प्रदेश के हर जिले के व्यापारी माल की खरीदारी के लिए दिल्ली सहित अन्य राज्यों में कैश लेकर जाते हैं। ऐसे में उनमें चुनाव आयोग के इस आदेश को लेकर दहशत है।
व्यापारियों का कहना है कि प्रतिदिन दुकान की कैश घर ले जाने में भी इस आदेश के कारण भारी दिक्कतें आ रही हैं क्योंकि रात को कैश दुकान पर भी छोड़ी नहीं जा सकती है।
चंडीगढ़ की ग्रेन मार्केट एसोसिएशन के सलाहकार सत्यप्रकाश अग्रवाल का कहना है कि उनके यहां के 70 प्रतिशत से ज्यादा व्यापारी पंचकूला और कालका में रहते हैं जबकि कई व्यापारी तो बद्दी और परमाणु में भी कारोबार है।
ऐसे में आयोग के आदेशों के कारण काफी परेशानी हो रही है। पंचकूला ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपकृष्ण चौहान का कहना है कि राशि की सीमा बढ़ानी चाहिए।
हरियाणा नागरिक मंच के अध्यक्ष डीडी जिंदल का कहना है कि दिवाली के समय हर कोई अपना कारोबार बढ़ाता है लेकिन इस आदेश से व्यापारियों को नुकसान झेलना पड़ रहा है।
खुद आकर राशि लेने को कह रहे व्यापारी
हरियाणा के व्यापारियों के अलावा दूसरे राज्यों से यहां पर कारोबार करने आए व्यापारियों को भी झेलनी पड़ रही है। दिल्ली के चांदनी चौक के कपड़ा व्यापारी रोहित भसीन का कहना है कि हरियाणा के व्यापारी यहां पर भी माल सप्लाई करके भुगतान ले जाने की बात कह रहे हैं। उनका कहना है कि दूसरे राज्यों से कारोबार करने आए व्यापारियों को छूट मिलनी चाहिए।
हवाला के पैसा आने की उम्मीद
चुनाव आयोग के आदेश पर सभी जिलों में तीन फ्लाइग स्क्वॉड का गठन हो गया है जिन्हें विशेष तौर पर हवाला के पैसे पर नजर रखने का प्रशिक्षण दिया गया है। पुलिस को विधानसभा चुनाव में करोड़ों रुपये हवाला के आने की भी उम्मीद है।
परचून विक्रेताओं को सबसे ज्यादा परेशानी
चुनाव आयोग के अनुसार 50 हजार से ज्यादा राशि लेकर अगर कोई घर एवं कही और आता है तो बिल बुक साथ रखे लेकिन परचून विक्रेताओं के लिए दिक्कत है कि वह हर छोटी वस्तु का बिल नहीं काट सकता है।
मुख्य चुनाव अधिकारी श्रीकांत वाल्गद का कहना है कि चुनाव के दौरान अगर कोई 50 हजार से ज्यादा राशि साथ लेकर प्रदेश में चलता है तो उसका रिकार्ड भी साथ रखे। ऐसा न होने पर राशि जब्त कर ली जाएगी। उनका कहना है कि अगर कोई बैंक से राशि निकालता है तो भी उसका रिकार्ड साथ रखे।