एडीसीपी आदित्य ने बताया कि गैस व धुएं के कारण परिवार के सभी सदस्यों का दम घुट गया और वह आग लगने के बाद बाहर नहीं निकल सके। मृतक यशपाल घई के भाई राज घई ने बताया कि भाई ने अभी सात महीने पहले ही एक नया डबल डोर फ्रिज खरीदा था।
घर में पैक हो रहा था पोटाश, हीट मिलने से ब्लास्ट की आशंका: पड़ोसी
हार्डवेयर का काम करने वाले इंद्रपाल घटना से पहले सीसीटीवी में दिखे। इसमें वह कोल्ड ड्रिंक लेकर अंदर जाते दिखे। पड़ोसियों ने बताया कि घर में परिवार पोटाश (विस्फोटक पदार्थ) की पैकिंग कर रहा था, हो सकता है ज्यादा गर्मी बढ़ जाने से अंदर धमाका हुआ हो लेकिन पुलिस इस बात की पुष्टि नहीं कर रही।
तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
यशपाल घई की तीन बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया। यशपाल घई के छोटे भाई राज घई ने बताया कि वह मखदूम पुरा में रहते हैं। उनका भतीजा इंद्रपाल बस्ती अड्डा चौक में हार्डवेयर का काम करता है। घटना में ज्योति, लवली और रीना के सिर से पिता का साया उठ गया, दो की शादी लुधियाना और एक की मोगा में हुई है। इंद्रपाल बहनों का चहेता था। छोटी बहन रीना ने कहा कि अभी कुछ ही समय हुआ राखी बांधे, राखी नहीं छूटी पर भाई का साथ छूट गया। पिता का प्यार अब जिंदगी भर नहीं मिलेगा।