चंडीगढ़ में सेक्टर-26 सब्जी मंडी में बुधवार को जबरदस्त भीड़ दिखी। प्रशासन की कवायद को धत्ता बताते हुए मंडी में भारी संख्या में लोग जमा हो गए। सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ाते हुए मास्क भी नहीं पहन रखे थे। यही हालात रहे तो कोरोना की चेन और बढ़ेगी।
बीते मंगलवार को मंडी सेक्टर-17 से स्थानांतरित होकर सेक्टर-26 में पहुंची। कमिश्नर केके यादव और एसडीएम नाजुक कुमार ने मंडी का निरीक्षण कर लोगों से सामाजिक दूरी का पालन करने की अपील की थी। इसके साथ कहा था कि लोग मास्क और सैनिटाइजर का उपयोग करें, लेकिन अगले ही दिन अपील की धज्जियां उड़ते हुए दिखीं।
आढ़ती और दुकानदारों के साथ मंडी में आने वाले लोग सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ाते दिखे। ऐसा लग रहा था मानो कोरोना जैसी कोई महामारी है ही नहीं। ज्ञात रहे कि सेक्टर-26 से सटे बापूधाम में ही सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित मरीज मिले थे। उसके बाद मंडी को सेक्टर-17 बस स्टैंड में शिफ्ट करना पड़ा था। उधर, कमिश्नर केके यादव का कहना है कि पुलिस को सख्ती बरतने के लिए कहा गया है।