हरियाणा में अब 12वीं पास ही होमगार्ड भर्ती हो सकेंगे। सरकार इनकी शैक्षणिक योग्यता को दसवीं से बढ़ाकर बारहवीं करने जा रही है। होमगार्ड के लिए बनाए जा रहे सेवा नियमों में इसका प्रावधान किया गया है। सेवा व भर्ती नियम पुलिस की तर्ज पर होंगे। नए नियमों के तहत ही होमगार्ड वालंटियर के खाली 1900 पदों को जल्द भरा जाएगा। अभी होमगार्ड के सेवा नियम नहीं हैं।
महानिदेशक ने बताया कि होमगार्ड प्रशिक्षण केंद्र चीका रोड, भूना में बनाया जाएगा। 70 एकड़ पंचायती जमीन इसके लिए चिन्हित की गई है। सरकारी दरों पर जमीन खरीदने के लिए विभाग के पास बजट का प्रावधान पहले से है। सरकार को इसका प्रस्ताव भेजा है। यह होमगार्ड विभाग का अपना पहला प्रशिक्षण केंद्र होगा। अभी पंचकूला में किराए के भवन में यह केंद्र चल रहा है। आज तक होमगार्ड का प्रशिक्षण हुआ ही नहीं। उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल व गृह मंत्री अनिल विज के निर्देशानुसार होमगार्ड विभाग में सुधार तेज कर दिए हैं।
होमगार्ड विभाग की भी पुलिस के तर्ज पर अपनी गाड़ियां होंगी। विभाग ने सरकार से वाहनों के लिए 15 करोड़ रुपये मांगे हैं। अधिकारियों व होमगार्ड के लिए पुलिस की तरह अब अपनी बसें, जीप, कारें व मोटरसाइकिल होंगी। विभाग के पास 70 वाहन थे, जो कंडम हो चुके हैं। उन्हें कबाड़ में बेचा जा रहा है।
हरियाणा होमगार्ड वेल्फेयर एसोसिएशन के प्रधान संदीप शर्मा ने कहा कि सरकार नई भर्ती के लिए पुलिस की तर्ज पर विज्ञापन निकाले। बीते सालों की तरह अंदरखाने भर्ती न हो। नए पद तभी सृजित किए जाएं जब विभाग के पास उन्हें देने के लिए काम हो। 12 हजार में से आज भी एक हजार जवान बिना डयूटी के हैं। उन्होंने सरकार से होमगार्ड के लिए भी पेंशन योजना शुरू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वालंटियर की डयूटी के दौरान मृत्यु होने पर पांच लाख रुपये मिलते हैं, अन्य कोई राशि नहीं मिलती।