सीबीआई भी कर रही है जांच
मानेसर थाना पुलिस ने मानेसर के पूर्व सरपंच ओम प्रकाश यादव की शिकायत पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित अन्य पर धोखाधड़ी की अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया था। प्रदेश सरकार ने इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की थी। आठ साल पहले सितंबर माह में सीबीआई ने मामला दर्ज कर तीनों गांव के 200 से अधिक किसानों के बयान दर्ज किए थे। इसमें उसे बिल्डरों की ओर से किसानों के साथ की गई ठगी के सबूत मिले थे। सीबीआई भी इस मामले की जांच कर रही है।
किसानों के हक में आ चुका है फैसला
सीबीआई की जांच के बाद बिल्डरों को किसानों की रायल्टी, प्लॉट व अन्य मुआवजा देने का आदेश मिला था। किसानों को रायल्टी मिलनी शुरू हो गई है। शिकायत करने वाले ओम प्रकाश यादव का कहना है कि जांच के बाद किसानों के हक में फैसला आ चुका है। जिस पर रायल्टी दी जा रही है। एडवोकेट व पूर्व भाजपा पदाधिकारी कुलभूषण भारद्वाज ने आरोप लगाया कि आईएएस अधिकारी टीसी गुप्ता ने हुड्डा सरकार में जमीन अधिग्रहण के आदेश जारी किए थे। सीबीआई ने इस केस में उन्हें आरोपी भी बनाया है। उन्हें सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली हुई है। उनका कहना है कि इस मामले में जो भी दोषी हैं, उन्हें सजा मिलनी चाहिए।
हुड्डा के समर्थन में आई आप
आम आदमी पार्टी की हरियाणा यूनिट ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समर्थन में बयान जारी किया है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कहा कि भाजपा को इंडिया गठबंधन के हाथों अपनी हार स्पष्ट नजर आने लगी है। इसलिए विपक्ष के नेताओं को ईडी, सीबीआई का डर दिखाया जा रहा है। केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। भाजपा को पता है कि यदि हरियाणा में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ते हैं तो भाजपा एक भी सीट नहीं जीत पाएगी। इसीलिए दिल्ली में अरविंद केजरीवाल को बार-बार नोटिस दिए जा रहे हैं, ताकि लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार न कर सकें। वहीं हरियाणा में भूपेंद्र सिंह हुड्डा के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है।