Punjab And Haryana Highcourt Chandigarh
- फोटो : File Photo
पंजाब में ड्रग के हजारों करोड़ के कारोबार की जांच कर रही एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ईडी) के डिप्टी डायरेक्टर गुरनाम सिंह को वापस भेजने के फैसले को केंद्र सरकार ने फिलहाल स्थगित कर दिया है। शुक्रवार को केंद्र सरकार की ओर से एडिशनल सॉलिसिटर जनरल ऑफ इंडिया सत्यपाल जैन ने बताया कि 10 जनवरी तक गुरनाम सिंह को वापस भेजे जाने का फैसला स्थगित कर दिया गया है। चीफ जस्टिस एसजे वजीफदार एवं जस्टिस एबी चौधरी की खंडपीठ ने इस जवाब को रिकॉर्ड में लेते हुए मामले की सुनवाई 9 जनवरी तक स्थगित कर दी है। अब इस अर्जी पर पहले से ही पंजाब के ड्रग रैकेट की सुनवाई कर रही जस्टिस सूर्यकांत पर आधारित खंडपीठ 9 जनवरी को मुख्य याचिका के साथ ही सुनवाई करेगी।
बीते दिन चंडीगढ़ के एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ईडी) जोन के डिप्टी डायरेक्टर गुरनाम सिंह को वापस भेजे जाने के खिलाफ गैर सरकारी संस्था लायर्स फॉर ह्यूमन राइट्स इंटरनेशनल ने हाईकोर्ट में अर्जी दायर कर चुनौती दे दी थी। दायर अर्जी में संस्था ने कहा कि गुरनाम सिंह वर्ष 2012 में ईडी चंडीगढ़ जोन के डिप्टी डायरेक्टर पद पर नियुक्ति हुए थे। तब से पंजाब के हजारों करोड़ रुपये के ड्रग रैकेट और मनी लॉन्ड्रिंग केस की जांच से जुड़े हुए हैं।
अब उन्हें जांच के बीच से ही वापस भेज जा रहा है। ऐसे में इन बेहद महत्वपूर्ण मामलों की जांच प्रभावित हो सकती है। लिहाजा, उनके वापस भेजे जाने पर रोक लगाए जाने की मांग की गई है। बताया गया है कि पहले वह डायरेक्टोरेट ऑफ फोरेंसिक साइंसेस में कार्यरत थे। उन्हें वर्ष 2012 में चंडीगढ़ ईडी जोन में डेपुटेशन पर भेज गया था। 30 नवंबर 2017 में वे सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं, ऐसे में अब उन्हें चंडीगढ़ से वापस भेजा जा रहा है। हाईकोर्ट ने इस पर केंद्र सरकार से जवाब मांगा था। शुक्रवार को केंद्र सरकार का पक्ष सुन याचिका पर सुनवाई 9 जनवरी तक स्थगित कर दी गई है।