प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पंजाब में नशा तस्करी से जुड़े दो मामलों में 7.90 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। पंजाब पुलिस ने नशा तस्कर गुरदीप सिंह रानो और राजेश कुमार के खिलाफ एनडीपीएस कानून के तहत मुकदमा दर्ज किया था। इन पर ईडी ने मनी लांड्रिंग का मामला दर्ज किया। जांच में पता चला कि नशे के कारोबार से हुई कमाई से दोनों ने नकद राशि देकर अचल संपत्तियां खरीदीं। पूछताछ में दोनों आरोपी नकद राशि का कोई दस्तावेज पेश नहीं कर पाए।
जब्त की गई संपत्तियों में नशा तस्कर गुरदीप सिंह रानो और उसके परिजनों की जुड़ी पंजाब में भूमि और भवन सहित 16 अचल संपत्तियां शामिल हैं। वहीं, राजेश कुमार और उसके परिवार के सदस्यों की 11 अचल संपत्तियां हैं। चल संपत्तियों में बैंक खाते में जमा राशि और सोने के गहने शामिल हैं।
ड्रग्स तस्कर सिमरनजीत सिंह व वेदी से हैं संबंध
पुलिस की प्राथमिकी का हवाला देते हुए ईडी ने बताया कि रानो के कथित तौर पर ड्रग्स तस्कर सिमरनजीत सिंह व तनवीर वेदी से संबंध हैं। दोनों विदेश में रह रहे हैं। दूसरे मामले में जांच सामने आया है कि राजेश कुमार मेडिकल स्टोर की आड़ में नशा बेचता था। राजेश कुमार के खिलाफ फरीदकोट पुलिस ने एनडीपीएस का मामला दर्ज किया था। ईडी ने इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच करने के बाद कार्रवाई की है।