गांव में घर-घर दस्तक देते हुए पूर्व सांसद दुष्यंत चौटाला का निशाना पूर्व उप प्रधानमंत्री ताऊ देवीलाल का वोट बैंक है। ताऊ के समर्थकों की सहानुभूति पाने के इरादे से दुष्यंत अब गांवों में लोगों के द्वार पहुंच रहे हैं। इसके लिए 24 जुलाई से जजपा के ‘जन चौपाल कार्यक्रम’ शुरू किए गए हैं। जिसे अब 4 अगस्त तक बढ़ाने का निर्णय लिया है।
‘जन चौपाल’ कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से उनके रोजगार, खेती, शिक्षा, पेंशन और पेयजल जैसे कई विषयों पर खुलकर बातचीत की जा रही है। इसी के चलते दुष्यंत चौटाला 29 जुलाई को गुरुग्राम जिले में पटौदी हलके के गांव बास लाम्बी खरकड़ी, राठीवास का दौरा करते हुए जाटोली हेलीमंडी में लंच करेंगे। इसके बाद वे वहां से दिल्ली जाकर रात्रि विश्राम करेंगे।
30 जुलाई को दिल्ली से दुष्यंत चौटाला कुरुक्षेत्र के गांव उमरी या अमीन गांव में आकर रात्रि ठहराव करेंगे और अगले दिन 31 जुलाई को कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा और यमुनानगर जिले के रादौर हलके में ग्रामीणों से मिलेंगे। 31 जुलाई को दुष्यंत चौटाला रात्रि विश्राम चंडीगढ़ में करेंगे। 02 अगस्त को यमुनानगर जिले के साढौरा और अंबाला जिले के मुलाना हलके में ग्रामीणों से रूबरू होंगे।
3 अगस्त को दुष्यंत चौटाला कुरुक्षेत्र जिले में शाहबाद और थानेसर हलके में ग्रामीणों से मिलेंगे। 4 अगस्त को नारनौंद व उचाना में बैठक के बाद जींद जिले के नरवाना हलके के गांव ढाकल, उझाना और धनौरी में जन चौपाल कार्यक्रम करेंगे।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि यह कोई बड़ी रणनीति नहीं है। कार्यकर्ताओं की अक्सर यह मांग रहती है कि उनके घर चाय पर जाया जाए। ऐसे में मुझे रात्रि ठहराव कार्यक्रम ज्यादा सही लगा। जिससे कार्यकर्ताओं के साथ अपनी बात की जा सकती है और लोगों को पार्टी की नीतियों से जोड़ा जा सकता है।