पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के चलते चंडीगढ़ में भी मौसम का मिजाज बदल गया। शहर में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहे। साथ ही ठंडी हवाएं चलीं। मौसम विभाग के अनुसार, एक दिसंबर का दिन चंडीगढ़ में बीते 10 वर्षों में सबसे ठंडा दिन रहा। ऐसी ठंड एक दिसंबर को इससे पहले वर्ष 2011 में पड़ी थी।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को शहर में हल्के बादल छाए रहेंगे और तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। गुरुवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। विभाग ने आशंका जताई है कि रविवार के दिन मौसम खराब हो सकता है और बारिश भी हो सकती है। इससे तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से उत्तरी हिमालय क्षेत्र में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी का दौर शुरू हो रहा है। इसका असर पूरे उत्तर भारत में देखने को मिला। बुधवार को दिन भर बादल छाए रहे। इससे लोगों को ठंड का अहसास हुआ। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अब धीरे-धीरे तापमान गिरेगा। दो व तीन दिसंबर को कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। छह दिसंबर को मौसम में भारी बदलाव आएगा। इस दिन पूरे पंजाब में अच्छी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस, अमृतसर में 23.2 डिग्री, लुधियाना में 20.2 डिग्री, पटियाला में 20.5 डिग्री और अमृतसर में 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के बाद तेजी से तापमान लुढ़कना शुरू होगा और उत्तरी हिमालय से आने वाली शीत हवाएं पूरे उत्तर भारत में ठंड बढ़ाएंगी।