पंजाब कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू ने कुछ दिन पहले एक रैली में पुलिस को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया था। इस मामले में अब वह घिरते नजर आ रहे हैं। चंडीगढ़ पुलिस के डीएसपी दिलशेर चंदेल ने एक वीडियो जारी कर सिद्धू के बयान की निंदा की है और इसे शर्मनाक बताया है।
डीएसपी दिलशेर चंदेल (आईआरबी) ने अपने वीडियो में सिद्धू पर निशाना साधते हुए कहा है कि सियासत की रंगत में न डूबो इतना कि वीरों की शहादत भी नजर न आए। उन्होंने कहा बड़ी शर्म वाली बात है कि इतने सीनियर लीडर अपनी ही फोर्स के बारे इस तरह के शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं और उन्हें बेइज्जत कर रहे हैं। यही फोर्स उनकी और उनके परिवार की सुरक्षा करती है। कहा कि सिद्धू 10 से 20 पुलिसकर्मियों को साथ लेकर घूमते हैं। अगर ऐसी बात है तो वह सुरक्षा लौटा दें।
दिलशेर ने आगे कहा कि वह देशभर की पुलिस की ओर से सिद्धू के बयान की निंदा करते हैं। पुलिसकर्मियों की भी गरिमा है, जिसे बरकरार रखना हमारी जिम्मेदारी है।