डॉ. अरविंद राजवंशी
- फोटो : फाइल फोटो
पीजीआई चंडीगढ़ के डीन रिसर्च डॉ. अरविंद राजवंशी को रायबरेली एम्स का डायरेक्टर बनाया गया है। उनके नाम पर कैबिनेट ने मुहर लगा दी है। डॉ. अरविंद राजवंशी साल 1981 से पीजीआई से जुड़े हैं और वे मार्च में रिटायर हो रहे हैं। इस समय वे डीन रिसर्च हैं और साइटोलॉजी व गाइनोकोलॉजी पैथोलॉजी डिपार्टमेंट के एचओडी की भी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनके करीब तीन हजार साइटेशन हैं।
देश में नवनिर्मित छह एम्स के डायरेक्टर की दौड़ में पीजीआई से डॉ. राजवंशी के अलावा दो नाम और भेजे गए थे। उनमें एंडोक्राइनोलॉजी डिपार्टमेंट के विभागाध्यक्ष व एचओडी डॉ. अनिल भंसाली और मेडिकल सुपरिंटेंडेंट प्रो. एके गुप्ता शामिल थे। हालांकि स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के पूर्व एचओडी डॉ. राजेश कुमार का नाम भी इस सूची में था लेकिन वे पीजीआई से रिटायर्ड हो चुके हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एम्स बठिंडा (पंजाब), एम्स रायबरेली (यूपी), एम्स गोरखपुर (यूपी), एम्स बीबीनगर (तेलंगाना), एम्स देवघर (झारखंड), कल्यानी (पश्चिम बंगाल) के डायरेक्टर पद के लिए आवेदन मांगे थे। इसके लिए पूरे देश से 130 आवेदन आए थे। इनमें 36 फाइनल किए गए थे। इन सभी 36 ने इंटरव्यू दिए और इनमें पीजीआई के तीन प्रोफेसर भी शामिल थे।
यहां ये बने डायरेक्टर
- एम्स बठिंडा - रांची आरआईएमएस के डायरेक्टर डॉ. दिनेश कुमार
- एम्स बीबीनगर - एम्स भुवनेश्वर के कम्युनिटी मेडिसिन के एचओडी डॉ. विकास भाटिया।
- एम्स कल्यानी- एम्स पटना के साइकोलॉजी डिपार्टमेंट के हेड डॉ. रामजी सिंह।
- एम्स देवघर- एम्स ऋषिकेश के प्रो. सौरभ वार्ष्णेय।
- एम्स रायबरेली- पीजीआई चंडीगढ़ के डीन रिसर्च डॉ. अरविंद राजवंशी।
- एम्स गोरखपुर- एम्स ऋषिकेश की प्रो. सुरेखा किशोर।