चंडीगढ़। बेशक घरेलू गैस की सप्लाई को सुचारू करने की बात की जा रही हो पर अब तक गैस एजेंसियों से लाइनें खत्म नहीं हो सकी हैं। हालात यह हैं कि सुबह सात बजे से ही गैस एजेंसियों पर घरेलू गैस के लिए लंबी लंबी कतारें लग जा रही हैं। दूसरी ओर कॉमर्शियल गैस की कालाबाजारी अब तक जारी है।
सेक्टर-21 की मार्केट में फूड स्टाल लगाने वाले एक स्ट्रीट वेंडर ने कहा कि अब कॉमर्शियल गैस का सिलिंडर तीन हजार रुपये की कीमत में दिया जा रहा है जो वह ले नहीं सकते हैं। इसी वजह से उन्होंने तंदूर लगा लिया और अब सारा काम उसी पर करते हैं। वहीं, सेक्टर-20 के एक फूड स्टाल वाले ने बताया कि छोटे सिलिंडर के रेट्स काफी ज्यादा बढ़ चुके हैं। जब उनको सिलिंडर मिल जाता है तो दुकान खोल लेते हैं। एक गैस कंपनी के अधिकारी ने बताया कि घरेलू गैस की बुकिंग में समस्या होने की वजह से गैस एजेंसियों में लाइनें लग रहीं हैं। जहां तक सिलिंडर की सप्लाई का सवाल है तो वह अब बुकिंग करवाने वालों को नियमित रूप से प्रदान की जा रही है।