मोहाली में डाॅक्टरों की हड़ताल और इंतजार में बैठे मरीज
- फोटो : संवाद
पंजाब में आज डाॅक्टर हड़ताल पर हैं। डाॅक्टरों ने बुधवार को वित्त मंत्री से लिखित सहमति पत्र न मिलने पर वीरवार से ओपीडी पूरी तरह से बंद रखने का फैसला लिया था। मोहाली सरकारी हॉस्पिटल में डॉक्टरों की हड़ताल से मरीज परेशान हैं। मरीज डॉक्टरों के कमरों के बाहर बैठे हैं।
पंजाब सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन के प्रधान अखिल सरीन ने कहा कि बैठक में सभी मांगों को पूरा करने का सरकार की तरफ से भरोसा दिया गया, लेकिन इस संबंध में कोई लिखित पत्र जारी नहीं किया गया। यही कारण है कि उन्होंने वीरवार 12 सिंतबर से पूरा दिन ओपीडी बंद रखकर हड़ताल जारी रखने का फैसला लिया है। इस दौरान सभी सरकारी अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों पर सिर्फ सिजेरियन सेक्शन, इमरजेंसी सर्जरी की जाएगी। इसके अतिरिक्त बैठकों व विभागीय कामकाज का भी वह बहिष्कार करेंगे। साथ ही एसोसिएशन ने 16 सितंबर से इमरजेंसी सेवाएं भी बंद करने की भी चेतावनी दी है।