आज दीपावली है। इस वर्ष दीपावली पर प्रीति योग बन रहा है। चंडीगढ़ में रविवार को शाम पांच बजकर 32 मिनट पर सूर्यास्त हो रहा है। सेक्टर-30 स्थित श्री महाकाली मंदिर के भृगु ज्योतिष केंद्र के प्रमुख बीरेंद्र नारायण मिश्र के अनुसार प्रदोष काल शाम पांच बजकर 32 मिनट से लेकर रात आठ बजकर 20 मिनट तक रहेगा।
प्रदोष काल में वृष लग्न और तुला राशि का सूर्य चंद्रमा होने के कारण बहुत ही शुभ माना गया है। शाम को छह बजकर 25 मिनट से रात आठ बजकर 53 मिनट तक वृष लग्न, शुभ और अमृत की चौघड़िया एवं प्रदोष काल होने के कारण इस योग में दीपक जलाना महालक्ष्मी, कुबेर और गणेश पूजन व खाता बही पूजन शुभ है।
अन्य मुहूर्त...
सेक्टर-15 स्थित जय श्रीराम ज्योतिष केंद्र के प्रमुख स्वामी राम बहादुर मिश्र, देवालय पूजक परिषद के कोषाध्यक्ष डॉ लाल बहादुर मिश्र और सेक्टर-30 स्थित शिव शक्ति मंदिर में प्रमुख पुजारी श्याम सुंदर शास्त्री ने बताया कि रात आठ बजे से आठ बजकर 53 मिनट तक अमृत की चौघड़िया रहेगी। इसके बाद रात 10 बजकर 32 मिनट तक चर की चौघड़िया भी शुभ रहेगी। इस वर्ष अमावस्या रात्रि में 11 बजकर 8 मिनट तक रहने से रात्रिकाल का विशेष महत्व है। इस समय तक पूजा कर लेना चाहिए।