लाल चंद कटारूचक खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के साथ वन और वन्य जीव विभाग भी संभालेंगे। लाल जीत सिंह भुल्लर को परिवहन विभाग के साथ आतिथ्य विभाग दिया गया है जबकि ब्रह्म शंकर जिंपा को जलापूर्ति एवं स्वच्छता विभाग के साथ पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। कुलदीप सिंह धालीवाल ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के साथ पशुपालन और एनआरआई मामले के विभाग देखेंगे।
सारी ताकत मुख्यमंत्री के पास, मंत्रियों में अनुभव को तरजीह
अपनी सरकार के गठन के साथ ही मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अधिकांश अहम जिम्मेदारियां खुद ही संभाल ली हैं, जिससे पहला संकेत यही आया है कि मुख्यमंत्री मान जनता से किए वादों को जल्द से जल्द से लागू करने के अपने अभियान में किसी भी संभावित ढिलाई से बचना चाहते हैं। उनके मंत्रिमंडल में शामिल 10 में से आठ चेहरे पहली बार विधायक और मंत्री बने हैं। इनके पास विधायक और मंत्री का कोई अनुभव नहीं है।
लगातार दूसरी बार विधायक बने अपने हरपाल सिंह चीमा और गुरमीत सिंह मीत हेयर पर उन्होंने भरोसा जताया और क्रमश: वित्त, योजना व आबकारी विभाग और शिक्षा विभाग सौंपे हैं। खास बात यह है कि राज्य की खराब वित्तीय हालत सुधारने, नई आबकारी नीति तैयार कर राजस्व बढ़ाने के अलावा पंजाब में स्कूलों का स्तर सुधारना, मान सरकार के मुख्य एजेंडे का हिस्सा है।
मुख्यमंत्री के बाद पंजाब मंत्रिमंडल में हरपाल चीमा का कद नंबर दो का है और मीत हेयर का कद नंबर तीन का है। मुख्यमंत्री ने खुद अपने पास जिन विभागों को रखा है, उनमें रोजगार उत्पत्ति, श्रम, इनवेस्टमेंट प्रमोशन, सामान्य प्रशासन, औद्योगिक प्रशिक्षण, गवर्नेंस रिफॉर्म और जनसंपर्क विभाग शामिल हैं। ये सभी विभाग पार्टी के चुनाव घोषणापत्र के तहत राज्य में निवेश, सुशासन और औद्योगिकीकरण जैसे मुद्दों से जुड़े हैं।
मु्ख्यमंत्री भगवंत मान
गृह विभाग एवं न्याय, विजिलेंस, प्रशासनिक सुधार, नागरिक उड्डयन, सामान्य प्रशासन, कार्मिक, आवास और शहरी विकास, स्थानीय निकाय, उद्योग एवं वाणिज्य, कृषि एवं कृषक कल्याण, बागबानी, जल एवं भू संरक्षण, खाद्य प्रसंस्करण, इनवेस्टमेंट प्रमोशन, विज्ञान तकनीक और पर्यावरण, संसदीय मामले, चुनाव, शिकायत निवारण, स्वतंत्रता सेनानी, तकनीकी शिक्षा एवं औद्योगिक प्रशिक्षण, रोजगार उत्पत्ति एवं प्रशिक्षण, श्रम, प्रिंटिंग एंड स्टेशनरी, डिफेंस सर्विसेज वेलफेयर, गवर्नेंस रिफॉर्म, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत, सूचना एवं जनसंपर्क।