17 नवंबर को जींद में होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन का न्योता देने पहुंचे इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल देवीलाल के बाद परिवार के बड़े सदस्य हैं। उनका सम्मान है, लेकिन अब हमें मध्यस्थता नहीं, बे-गैरत लोगों से पीछा छुड़ाना है। ओमप्रकाश चौटाला और अजय सिंह के जेल जाने के बाद कुछ ऐसे लोगों ने पार्टी और कार्यालयों पर कब्जा कर लिया जिनका कोई वजूद नहीं है।
दिग्विजय ने स्पष्ट किया कि 17 नवंबर को जींद में रैली नहीं, बल्कि कार्यकर्ता सम्मेलन व प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक है। इसमें किसी व्यक्ति विशेष को फोन या पत्र से निमंत्रण नहीं दिया है, बल्कि सामान्य प्रक्रिया से सबको संदेश दिया गया है। उन्होंने अभय द्वारा भाई के बुलाते ही जाने के सवाल पर कहा कि पारिवारिक बातें अलग और राजनीतिक बातें अलग होती हैं। राजनीतिक फैसले भावनाओं में बह के नहीं लिए जाते।
दुष्यंत और राव इंद्रजीत की मुलाकात पर कहा कि एक मत के दो लोग एक साथ आने पर और सरकार बनने पर लोगों को पूरा न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि जानबूझकर कुछ लोगों ने दुष्यंत की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए निकालने का काम किया है।
विज जहां जाते हैं वहां किसी का घर नहीं बसने देते : दिग्विजय
स्वास्थ्य एवं खेल मंत्री अनिल विज द्वारा दुष्यंत को भाजपा में आने के निमंत्रण पर दिग्विजय ने कहा कि कोई और निमंत्रण देता तो उसे वापस निमंत्रण देते, लेकिन अनिल विज को नहीं देंगे। वह हमेशा सीएम की कुर्सी की खींचतान में लगे रहते हैं और जहां जाते हैं वहां किसी का घर नहीं बसने देते।
सुरजेवाला पहले अपना घर देखें
दिग्विजय ने कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला द्वारा इनेलो में सत्ता व संपत्ति की लड़ाई के बयान पर कहा कि सुरजेवाला अपनी कांग्रेस देखें, जिसमें 16 उम्मीदवार हैं और पार्टी प्रमुख हंसी के पात्र हैं। हमें सुरजेवाला के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है।