जल्दबाजी में दोनों कोई भी कदम नहीं उठाएंगे। समर्थकों और अपने पिता अजय चौटाला की सलाह के बाद ही वे अपनी रणनीति का खुलासा करेंगे। दुष्यंत और दिग्विजय को एक सप्ताह के भीतर निलंबन के बाद जारी किए गए नोटिस का जवाब इनेलो सुप्रीमो को देना है। इसके लिए भी वह अजय चौटाला और अपने समर्थकों की राय लेंगे। ओपी चौटाला का फरलो खत्म होने के बाद अजय चौटाला के भी फरलो पर आने की संभावना है। उस दौरान अहम निर्णय लिए जा सकते हैं।
दुष्यंत को ये भेजा गया नोटिस
इनेलो के कार्यालय सचिव नछत्र सिंह मल्हान की ओर से दुष्यंत चौटाला को उनके सिरसा आवास पर नोटिस भेजा गया है। ‘पार्टी विरोधी गतिविधि और निलंबन’ विषय वाले नोटिस में लिखा है ‘चौ. ओमप्रकाश चौटाला के निर्देश पर मैं आपको एक नोटिस भेज रहा हूं, जो पार्टी विरोधी गतिविधियों पर है। स्व. चौ. देवीलाल के 105वें जन्मदिवस के मौके पर गोहाना में हुई रैली में हुई गतिविधियों के लिए आपको दोषी माना जाता है।
उस रैली में बहुत बड़ी अनुशासनहीनता हुई है। आप इसके साथ-साथ पार्टी विरोधी गतिविधियों और पार्टी विरोधी व्यक्तियों के साथ मिलकर रैली में अनुशासनहीनता के दोषी हैं। आपको पार्टी की प्राथमिक सदस्यता व अन्य सभी जिम्मेदारियों से निलंबित किया जाता है। आपको एक सप्ताह का समय इसका जवाब देने के लिए दिया गया है। तय समय में जवाब न देने पर अनुशासनात्मक को लेकर अगली कार्रवाई की जाएगी’।