जननायक जनता पार्टी ने राज्य सरकार से किसान आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज किए गए मुकदमे तुरंत वापस लेने की मांग की है। जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला ने कहा कि दिल्ली कूच के दौरान जितने भी किसानों पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं, उन्हें सरकार तुरंत वापस ले। वह चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस विषय को लेकर जेजेपी नेता जल्द मुख्यमंत्री मनोहर लाल व गृहमंत्री अनिल विज से मुलाकात कर उनसे आग्रह करेंगे।
जेजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार और किसानों के बीच चल रही वार्ता के सकारात्मक परिणाम किसानों के हित में आएंगे। अपनी बात रखने के लिए धरना-प्रदर्शन करना किसानों का अधिकार है। दिल्ली कूच के दौरान व्यवस्था स्थापित करने के लिए सरकार व पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से कदम उठाए और उस दौरान मुकदमे भी दर्ज हुए।
उन्होंने कहा कि हम भी किसान परिवार से जुड़े हुए हैं और राज्य की सरकार भी किसानों की सरकार है, इसलिए प्रदेश सरकार इस दिशा में तुरंत कदम उठाए। केंद्र ने एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) को लिखित तौर पर शामिल करने के संकेत दिए हैं जो सरकार की ओर से सकारात्मक कदम है। एमएसपी को लेकर किसानों के संशय को देखते हुए जेजेपी ने भी यही मांग की थी, जिसे सरकार पूरा करने को राजी है।
एसएमसी के अलावा अन्य मुद्दों पर भी किसानों के साथ सरकार बातचीत कर रही है और किसानों के हित में फैसले लिए जाएंगे। दिग्विजय ने दोहराया कि जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला व पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की इस पर पैनी नजर बनी हुई है। इस अवसर पर जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह, वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. केसी बांगड़, प्रदेश कार्यालय सचिव रणधीर सिंह आदि मौजूद रहे।
निकाय चुनाव को लेकर जल्द भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के साथ होगी बैठक
आगामी निकाय चुनाव पर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि भाजपा और जेजेपी मिलकर यह चुनाव लड़ेंगे। बहुत जल्द निकाय चुनाव से संबंधित जेजेपी की समिति भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ से मुलाकात करेगी। चुनाव को गठबंधन कैसे लड़े, इसके अलावा सीटों के बंटवारे आदि पर चर्चा होगी।