हरियाणा में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध पुलिस विभाग के लिए चिंता का सबब बन गए हैं। सोनीपत की युवती के साथ निर्भया कांड जैसी बर्बरता सामने आने पर पुलिस को अपराधियों के खिलाफ नए सिरे से एक्शन प्लान बनाने के लिए हरकत में आना पड़ा है।
डीजीपी बीएस संधू ने ताजा जघन्य अपराध को बतौर चुनौती लेते हुए सोमवार को पुलिस मुख्यालय में उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है। इसमें विशेष रूप से महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही महिला सुरक्षा प्रमुख एजेंडा रहेगा।
संधू के लिए कार्यभार संभालने के बाद दिल दहला देने वाला सामूहिक दुष्कर्म का मामला किसी अग्निपरीक्षा से भी कम नहीं है। इसलिए उन्होंने मौखिक तौर पर सभी पुलिस आयुक्तों, रेंज के आईजी और एसपी सहित अन्य उच्च अधिकारियों को महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में कड़ी कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए हैं, सोमवार को बैठक में वे इस पर प्लान के साथ आगे बढ़ने की रणनीति तैयार करेंगे। इसके अलावा एक से 15 मई तक ऑपरेशन दुर्गा के साथ ही चार अन्य बिंदुओं पर चलाए गए विशेष अभियान की समीक्षा की जाएगी। महिला अपराधों में संलिप्त पेशेवर अपराधियों का रिकार्ड भी पुलिस विशेष तौर पर जुटाने जा रही है ताकि उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।