हजारों शिव भक्तों ने किया जलाभिषेक
सावन का शुभारंभ होते ही हर-हर महादेव के जयकारे से शिवालय गूंज उठे। लोगों ने परिवार और बच्चों के साथ मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक किया। दोपहर तक जलाभिषेक के बाद शिवालय को साफ कर शाम में भव्य श्रृंगार हुआ।
सेक्टर-30, 20, 11, 21, 22, 23, 24, 40, 8, 7, 44, 45, 46, 47 सहित शहर के सभी मंदिरों में भव्य आयोजन हुआ। मंदिर कमेटियों ने भक्तों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए थे। मंदिर जल चढ़ाने की विशेष व्यवस्था की गई थी।
सेक्टर-30 स्थित शिव शक्ति मंदिर के प्रमुख पुजारी पंडित श्याम सुंदर शास्त्री ने बताया कि शाम को भगवान शिव का भव्य शृंगार किया जाएगा। श्रृंगार दर्शन और आरती के बाद रात में प्रसाद वितरण होगा।
सेक्टर-30 के श्री महाकाली मंदिर के कार्यकारी अध्यक्ष जतिंदर जौहर ने बताया कि सावन का पहले दिन मंदिर में भंडारे का आयोजन हुआ। सेक्टर-20 के गुग्गा माड़ी श्री हनुमान मंदिर के प्रमुख पंडित किशोरी लाल ने बताया कि हर दिन बड़ी संख्या में जलाभिषेक के लिए भक्त पहुंचेंगे। सेक्टर-40 स्थित श्री हनुमंत धाम मंदिर कमेटी की प्रधान नीना तिवारी ने बताया कि कुछ भक्तों ने अभिषेक भी कराया।