चंडीगढ़। सेक्टर 44 के श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर बुधवार को कार्तिक पूर्णिमा पर भव्य आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। भगवान के दर्शन के बाद भजन कीर्तन का आयोजन हुआ। सुबह से ही श्रद्धालु मंदिर में आना शुरू हो गए थे।
सुबह सबसे पहले गुरु महाराज और भगवान की आराधना के पश्चात हवन हुआ। मंदिर में झंडा चढ़ाया गया। मंदिर के ट्रस्टी वीएन शर्मा ने बताया कि मंदिर परिसर में लगभग 24 बड़े छोटे झंडे लगे हैं। उन्होंने बताया कि दूध, गंगाजल तथा शहद आदि से स्नान करवाने के बाद फूल मालाओं के साथ-साथ झंडा तैयार किया जाता है। झंडों के साथ मंदिर की परिक्रमा की गई। परिक्रमा के दौरान बैंड बाजे भी साथ चल रहे थे।
परिक्रमा के बाद भगवान श्री विष्णु जी का आशीर्वाद लेकर भोले बाबा की जयकारों के साथ मंदिर के ऊपर छोटे-बड़े झंडे चढ़ाए गए।
कीर्तन के दौरान महिला श्रद्धालुओं ने नृत्य किया। भजन के उपरांत श्री रामायणजी के अखंड पाठ का भोग डाला गया। सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा गया। इस मौके पर भंडारा का आयोजन हुआ। शाम को मंदिर में दीपमाल की गई।