पंजाब में देसी शराब सस्ती और अंग्रेजी महंगी होने जा रही है। नई कीमतें नए वित्त वर्ष में आगामी एक अप्रैल से लागू होंगी। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई पंजाब कैबिनेट बैठक में 2015-16 की एक्साइज पॉलिसी को मंजूरी दे दी गई। जानकारों के अनुसार नई व्यवस्था के तहत देसी शराब की कीमत प्रति बोतल करीब 20 रुपये कम हो जाएगी। वहीं, अंग्रेजी शराब व बीयर की बोतल में करीब पांच रुपये का इजाफा संभव है।
कैबिनेट बैठक में जहां राजस्व प्राप्ति का लक्ष्य 5040 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है, वहीं देसी शराब के कोटे में 30 लाख प्रूफ लीटर की वृद्धि भी गई है। चालू वित्त वर्ष के दौरान एक्साइज से 4680 करोड़ रुपये एकत्र हुए हैं। इस प्रकार 2015-16 के दौरान शराब की बिक्री से 360 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त करने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के एक प्रवक्ता ने दावा किया है कि पंजाब की मीडियम शराब और भारत में बनी विदेशी शराब की एमआरपी चालू वर्ष के बराबर ही है। देसी शराब का कोटा 2015-16 के लिए 9.80 करोड़ प्रूफ लीटर किया गया है। मौजूदा समय में यह 9.50 करोड़ प्रूफ लीटर है। भारत में बनी विदेशी शराब (आईएमएफएल) का कोटा मौजूदा 4.5 करोड़ प्रूफ लीटर ही रखा गया है।