अज्ञात वाहन ने एक्टिवा को मारी टक्कर, सुमन शर्मा ने अपनी गाड़ी से दोनों को पहुंचाया अस्पताल
13 वर्षीय छात्रा सड़क पर दर्द से तड़प रही थी, समय पर मिली मदद
संवाद न्यूज एजेंसी
मनीमाजरा। इंडस्ट्रियल एरिया से दड़वा जाने वाली सड़क पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक्टिवा सवार 13 वर्षीय स्कूली छात्रा और उसके चाचा घायल हो गए। हादसे के बाद छात्रा सड़क पर गिरकर दर्द से तड़प रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहीं नगर निगम की डिप्टी मेयर सुमन शर्मा ने अपनी गाड़ी रोककर दोनों की मदद की।
सुमन शर्मा ने छात्रा को ढांढस बंधाया, उसे सड़क से उठाकर सुरक्षित किनारे किया और पानी पिलाया। इसके बाद बिना देर किए दोनों घायलों को अपनी गाड़ी से मनीमाजरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां छात्रा का उपचार किया गया। इस दौरान सोनू शर्मा भी उनके साथ मौजूद रहे। छात्रा के परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल पहुंच गए। परिवार ने पुलिस को हादसे की जानकारी दी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई शुरू की गई। हादसे के बाद डिप्टी मेयर की तत्परता से घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद मिली।