इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सुनील जाखड़ से माफी मांगने को कहा। कांग्रेस अध्यक्ष से उन्हें कांग्रेस से बाहर करने की भी मांग की। प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज के अश्विनी सहोता और ओपी द्रविड़ ने बताया कि एक तरफ तो कांग्रेस एससी समाज के व्यक्ति को सीएम बनाने के बाद दोबारा सीएम चेहरा घोषित कर वाहवाही लूटने की कोशिश करती है। दूसरी तरफ उसी एससी समाज के व्यक्ति से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को दिक्कत है। उन्होंने कहा कि ऐसा नेता एससी समाज के लोगों को दबाने की कोशिश में रहते हैं।
बटाला में एससी समुदाय ने फूंका पुतला
बटाला में एससी भाईचारे ने सुनील जाखड़ का पुतला एसएसपी कार्यालय के सामने जलाकर अपना रोष व्यक्त किया। इसकी अगुवाई रविदासिया सिख वेलफेयर सोसाइटी पंजाब की बटाला इकाई ने की। इस संगठन के सदस्यों का कहना है कि सुनील जाखड़ ने एक चैनल पर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ जो अपमानजनक शब्द कहे उससे समुदाय को ठेस पहुंची हैं।
संगठन के सदस्यों ने कहा कि जाखड़ के बयान से अनुसूचित जाति के प्रति उनकी मानसिकता झलकती है। जाखड़ के खिलाफ जमकर नारोबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने सुनील जाखड़ के खिलाफ एसएसी/एसटी की धाराओं के तहत मामला दर्ज करने के लिए बटाला पुलिस प्रमुख को शिकायत भी दी। जिला प्रधान एससी विंग (शिअद) पलविंदर सिंह, सुलखन सिंह सोनू, डॉ. अशोक कुमार, विजय थापर, वजिंदर विक्की कश्यप ने बताया कि जाखड़ की अनुसूचित जाति विरोधी सोच सामने आ गई है। समाज इसकी निंदा करता है और मांग करता है कि कांग्रेस सुनील जाखड़ को बाहर का रास्ता दिखाए।