चंडीगढ़। डड्डुमाजरा स्थित डंपिंग ग्राउंड के पास वॉरियर मॉम्स संगठन और क्षेत्रीय लोगों ने प्रदर्शन कर सफाई की मांग की। काफी संख्या में मौजूद महिलाओं ने कहा कि चुनाव के समय नेता वोट मांगने के लिए आगे पीछे घूमते हैं, उसके बाद नजर भी नहीं आते। उन्होंने डंपिंग ग्राउंड की सफाई न होने पर प्रदर्शन तेज करने की चेतावनी दी।
प्रदर्शन में डड्डुमाजरा कॉलोनी सहित शहर के विभिन्न हिस्सों से आईं महिलाओं ने कहा कि आश्वासन के बावजूद हालत बदतर हो गए हैं। इसलिए आज प्रदर्शन के अलावा कोई विकल्प नहीं है। आज वे अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं और वे अपनी आवाज सभी को सुनाना चाहती हैं। वॉरियर मॉम्स फॉर चंडीगढ़ की सदस्य समिता कौर ने कहा कि हमने पहले डड्डूमाजरा के निवासियों से मुलाकात की और देखा कि लगभग 50 हजार के करीब निवासी बुरी स्थिति में रह रहे हैं। इससे कई बीमारियां लोगों को हो रही हैं। यह पर्यावरण के लिए भी काफी नुकसानदेह है। डड्डुमाजरा निवासी हरिंदर सिंह ने बताया कि तत्कालीन नगर आयुक्त ने डंपसाइट का निरीक्षण किया, लेकिन उसके बाद कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब निगर चुनाव भी नजदीक हैं, इसलिए आंदोलन तेज होगा।