बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि सीनियर नेताओं की पार्टी के हर मसले पर इंचार्ज देवेंद्र यादव के साथ चर्चा हुई है। नवजोत सिद्धू की अलग रैलियों के बारे में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर कोई पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्यक्रम चलाता है तो अध्यक्ष के तौर पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है लेकिन अगर कोई पार्टी में रहकर पार्टी को कमजोर करने या अनुशासन तोड़ने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ जरूर कार्रवाई होगी।
बैठक में उठाए गए मुद्दों का खुलासा न करते हुए राजा वड़िंग ने कहा कि वे पार्टी के अंदरूनी मुद्दों को पार्टी मंच पर रखकर आलाकमान तक पहुंचा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस की स्थिति और आम आदमी पार्टी (आप) के साथ गठबंधन को लेकर उन्होंने अपनी व अपने विधानसभा क्षेत्र से संबंधित नेताओं और कार्यकर्ताओं की राय कांग्रेस प्रभारी को बता दी है। आगे का निर्णय हाईकमान को लेना है।
बैठक के बाद देवेंद्र यादव से जब सिद्धू समेत कई नेताओं के न आने और बैठक में उठाए गए मुद्दों को लेकर सवाल किए गए तो उन्होंने गैरहाजिर रहे नेताओं का बचाव करते हुए कहा कि कुछ नेताओं के उन्हें फोन आए थे और उन्होंने निजी कारणों से बैठक में नहीं आ पाने की बात कही थी। नवजोत सिद्धू से पार्टी लाइन से अलग रैलियां करने बारे पूछे गए सवाल को देवेंद्र यादव यह कहकर टाल गए कि ‘मैं पार्टी नेतृत्व से बात करने आया हूं। जब यह मामला मेरे पास पहुंचेगा, तब इस पर बात करेंगे।’